August 27, 2026 7:00 pm

खरसिया में ट्रक की चपेट आया नाबालिग, गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष

रायगढ़/खरसिया

क्षेत्र के अंजोरीपाली मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। ओवरटेक करने के दौरान एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भयानक दुर्घटना में किशोर का एक पैर बुरी तरह कुचल गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल किशोर की पहचान रुपेश गवेल (निवासी- भागोडीह ग्राम) के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच रुपेश अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे खड़ा हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया रुपेश के पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से जख्मी होकर क्षतिग्रस्त हो गया है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश और पुलिस जांच

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

​प्रारंभिक चर्चाओं के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक टीकाराम अग्रवाल से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी। इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के समय ट्रक चालक नशे की हालत में था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

​किशोर के साथ हुए इस गंभीर हादसे के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह के हादसों पर लगाम लग सके।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG