खरसिया/सक्ती
खरसिया क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल गत रात्रि सक्ती जिले के ग्राम चारपारा स्थित परमशक्ति बड़ादेव ठाना धवईगढ़धाम पहुँचे। यहाँ छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ एवं युवा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय करमडार महापूजा एवं करमडार महोत्सव में उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
आत्मीय मुलाकात और संबोधन

इस गरिमामय आयोजन के दौरान विधायक उमेश पटेल ने गोंडवाना समाज के उपस्थित सभी भाई-बहनों से आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। महोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और गोंडवाना समाज के गौरवशाली इतिहास के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

आयोजकों को दी बधाई

विधायक श्री पटेल ने इस भव्य और सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ गोंडवाना संघ, युवा प्रभाग और समस्त गोंडवाना समाज के भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में एकजुटता और भाईचारा का संदेश देते हैं।





