August 27, 2026 6:01 pm

लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग पर बड़ी कार्रवाई: महिला तस्कर के बैग से निकला गांजा, बोलेरो और नकदी समेत 10 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ / लैलूंगा

जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा लेकर जा रहे एक बोलेरो वाहन को पकड़ लिया, जिसमें एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 4 किलो से अधिक गांजा और बोलेरो समेत कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

​लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा की ओर से अवैध मादक पदार्थ गांजा भरकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध मार्गों पर कड़ी निगरानी बढ़ा दी।

​इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखा जो आगे-आगे वाहन की पायलटिंग कर रहा था। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश में मोटरसाइकिल से गिर गया, जिससे उसे चोट आने पर तत्काल इलाज के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया।

घेराबंदी कर पकड़ी गई बोलेरो, महिला के बैग से मिला गांजा

​कुछ देर बाद पाकरगांव की तरफ से आ रही संदिग्ध सफेद बोलेरो (क्रमांक 26 BH 4095 B) को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को घेरकर पकड़ लिया।

​वाहन चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32 वर्ष, निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) और साथ बैठी महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव (23 वर्ष, निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) बताया।

​पुलिस ने जब नियमानुसार तलाशी ली, तो महिला ज्योति जाटव के काले रंग के पिट्ठू बैग से 4 पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब 2 लाख रुपये) बरामद हुआ। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी (कीमत करीब 8 लाख रुपये) को भी जब्त कर लिया गया।

जब्ती और कार्रवाई का विवरण

  • अवैध गांजा: 4.108 किलोग्राम (अनुमानित कीमत – ₹2,00,000)
  • बोलेरो वाहन: (अनुमानित कीमत – ₹8,00,000)
  • कुल जब्ती: करीब ₹10,00,000
  • गिरफ्तार आरोपी:
    1. ​जशवंत कुमार शर्मा (लखनउ, उत्तर प्रदेश)
    2. ​ज्योति जाटव (लखनऊ, उत्तर प्रदेश)

​लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

​इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत और महिला आरक्षक लीलावती एक्का की अहम भूमिका रही।

​एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG