पिता की याद में शिक्षक का अनूठा सम्मान: हर साल स्वतंत्रता दिवस पर दिए जाएंगे मेधावी छात्रों को पुरस्कार
घरघोड़ा / रायगढ़:
विकास खंड घरघोड़ा के अंतर्गत आने वाले कोटरीमाल में 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की गई है। हाई स्कूल कोटरीमाल के व्याख्याता श्री संजीव कुमार पटेल ने अपने स्वर्गीय पिता की स्मृति में ‘स्व. श्री जय कुमार पटेल स्मृति प्रोत्साहन पुरस्कार’ की शुरुआत की है। इस सराहनीय कदम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति अलख जगाना और उनका मनोबल बढ़ाना है।
इस पहले पुरस्कार वितरण समारोह में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को नगद राशि से सम्मानित किया गया:
- कक्षा 5वीं (शासकीय प्राथमिक शाला, कोटरीमाल): प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विद्यार्थी आशा अगरिया को 501 रुपये का नगद पुरस्कार।
- कक्षा 8वीं (शासकीय माध्यमिक शाला): प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विद्यार्थी सोनम साहू को 1001 रुपये का नगद पुरस्कार।
- कक्षा 10वीं (हाई स्कूल, कोटरीमाल): 85.3% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाली विद्यार्थी कु. सितारा सिदार को 1501 रुपये का नगद पुरस्कार।



संजीव कुमार पटेल सर ने घोषणा की है कि यह प्रोत्साहन पुरस्कार अब प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान सभी बच्चों को राष्ट्रीय पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।





