घरघोड़ा/तलईपल्ली (न्यूज डेस्क)। एनएमएल तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रप्रेम, अपार उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख श्री अरुण कुमार सक्सेना द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुई। इस अवसर पर सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने अनुशासित परेड और शानदार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ तिरंगे को सलामी दी।
1.1 करोड़ मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित
समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि एनएमएल तलईपल्ली राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में परियोजना ने 1.1 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच करने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही, व्हार्फवॉल-III से पहली कोयला रेक का सफल प्रेषण भी एक बड़ी परिचालन उपलब्धि रही।
उत्कृष्ट कर्मचारी सम्मानित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘पावर एक्सल अवार्ड’, ‘बिजनेस यूनिट हेड स्पेशल मेरिट अवार्ड’ तथा ‘हेल्थ चैंपियन अवार्ड’ से नवाजा गया। कार्यक्रम में बाल भवन और डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





