हरेली पर्व की तैयारी के दौरान मुर्गे की बात पर दो सगे भाइयों में चले चाकू,
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के लोक पर्व ‘हरेली’ की तैयारियों के बीच मोपका चौकी क्षेत्र के चिल्हाटी गांव से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। पर्व पर घर में मुर्गा पकाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार (चाकू) से जानलेवा हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चिल्हाटी गांव निवासी गौतम धनवार और उसका छोटा भाई रुपेश धनवार हरेली पर्व के लिए मुर्गा लेकर आए थे। रुपेश का मुर्गा बड़ा था, जिस पर गौतम के परिवार ने भी बड़ा मुर्गा लाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि गौतम ने गुस्से में आकर रुपेश पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में रुपेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सिम्स (SIMS) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





