August 27, 2026 6:01 pm

​कोटरीमाल-रायकेरा मार्ग पर खौफनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की जान गई

घरघोड़ा / रायकेरा

घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रायकेरा में आयोजित होने वाले पारंपरिक सावन मेले से लौट रहे दो बाइक चालकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

बाबा बरझरिया दर्शन कर लौट रहे थे ग्रामीण

​मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रायकेरा में लगने वाले सावन मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बरझरिया के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। सोमवार शाम करीब 7 बजे कोटरीमाल से रायकेरा मार्ग पर यह हादसा उस समय हुआ जब लोग मेला समाप्त होने के बाद अपने घरों की ओर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

अस्पताल में चल रहा है घायलों का इलाज

​दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दरियादिली दिखाते हुए तत्परता दिखाई और तुरंत घायलों को उपचार के लिए स्थानीय घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहीं, सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की हुई पहचान

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान छोटू उरांव (29 वर्ष), पिता स्व. मेहेत्तर उरांव, निवासी ग्राम गारघोड़ी (वर्तमान निवास – घरघोड़ा) के रूप में हुई है। वह सावन मेले में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था, तभी रायकेरा–बरझरिया रोड के पास यह अप्रिय घटना घटित हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

​फिलहाल घरघोड़ा पुलिस दुर्घटना के असल कारणों और इस हादसे में शामिल अन्य पक्षों की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज घरघोड़ा अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में जारी है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG