सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक और तस्वीर सामने आई है। यहां एक शासकीय स्कूल में एक शिक्षक नशे में धुत होकर पहुंचा और बच्चों के सामने ही क्लासरूम में टाटपट्टी पर सो गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दीवारें पकड़कर क्लास में पहुंचे शिक्षक
मामला सूरजपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला त्रिपुरेश्वरपुर का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक शराब के नशे में इस कदर धुत हैं कि उनसे ठीक से खड़े भी नहीं हुआ जा रहा। वे दीवार का सहारा लेकर लड़खड़ाते कदमों से क्लासरूम की तरफ बढ़ रहे हैं।
बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़

क्लासरूम के भीतर 4 से 5 छोटे-छोटे बच्चे मौजूद थे, और एक बच्चा टाटपट्टी पर बैठा हुआ था। शिक्षक क्लास में पहुंचते ही बच्चों के बैठने के लिए बिछाई गई टाटपट्टी पर ही बेसुध होकर सो गए।
यह वीडियो सामने आने के बाद बच्चों के अभिभावकों और आम जनता में भारी नाराजगी है। सवाल यह उठ रहा है कि जिस स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी एक शिक्षक पर होती है, यदि वही शिक्षक नशे की हालत में मिले तो नौनिहालों का भविष्य क्या होगा? स्कूल समय में बच्चों की देखरेख, पढ़ाई और उनकी सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आ रही है।
लगातार सामने आ रही हैं ऐसी घटनाएं
जिले में यह कोई पहली बार नहीं है जब शिक्षकों की ऐसी करतूत सामने आई हो। इससे पहले भी शराब के नशे में स्कूल पहुंचने या स्कूल परिसर के कमरों में बैठकर शराबखोरी करने की कई शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। ऐसे मामलों के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण ऐसे लापरवाह शिक्षकों के हौसले बुलंद हैं।




