September 19, 2026 4:54 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई दो महीने बाद गांव लौटते ही शिकंजे में आया हत्या का आरोपी

रायगढ़, 05 सितंबर 2026 — रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत संपत्ति और घर के बंटवारे को लेकर हुए खूनी संघर्ष में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ अभियान के तहत पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। लगभग दो महीने से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा आरोपी अपने गांव लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

क्या था पूरा मामला

यह सनसनीखेज घटना 22 जून 2026 की शाम को ग्राम चिमटापानी में हुई थी। प्रार्थी महेत राम राठिया (50 वर्ष) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके छोटे भाई रूपधर राठिया और मंझले भाई पुनीराम राठिया के साथ पैतृक मकान और घर के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी रूपधर अक्सर मकान को पूरी तरह अपना बताकर अन्य सदस्यों को घर से निकालने की धमकी देता था।

​घटना के दिन जब महेत राम अपने घर की परछी में पिता और छोटे भाई रूपधर के साथ बातचीत कर रहा था, तभी बात पुरानी रंजिश पर आ गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी रूपधर ने तैश में आकर घर में रखे लोहे के टांगे (कुल्हाड़ी) से अपने बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जानलेवा हमले में महेत राम के सिर, सिर के पिछले हिस्से और बायीं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया था।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई गईं धाराएं

शुरुआत में थाना घरघोड़ा में सामान्य मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, डॉक्टर द्वारा जारी मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों के मंतव्य के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए इसमें हत्या के प्रयास से जुड़ी गंभीर धारा 109(2) बीएनएस जोड़ दी। घटना के तुरंत बाद से ही आरोपी रूपधर राठिया (47 वर्ष) घर छोड़कर फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

गांव लौटते ही पुलिस ने बिछाया जाल

एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह और एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जाल बिछा रखा था। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो महीने से बाहर रहकर अपनी पहचान छिपाने वाला आरोपी रूपधर चुपचाप अपने गांव चिमटापानी वापस लौटा है।

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत गांव में दबिश दी और आरोपी को घरदबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि वारदात के बाद वह मजदूरी करने अन्य जगहों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का टांगा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो और आरक्षक प्रदीप तिग्गा की अहम भूमिका रही।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG