गांव में शराब बनाने और बेचने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध
घरघोड़ा (रायगढ़): घरघोड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नवागढ़ में अब नशे के कारोबार के खिलाफजबरदस्त सामाजिक मुहिम छेड़ दी गई है। गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मंगलवार शाम भारी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने एकजुट होकर गांव की गलियों में रैली निकाली और जोरदार आवाज बुलंद की।
ग्रामीणों ने कड़ा फैसला लेते हुए यह ऐलान किया है कि अब पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में महुआ शराब या किसी भी प्रकार की अवैध शराब का निर्माण, भंडारण और बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब समाज और प्रशासन दोनों सख्त रुख अपनाएंगे।
थाने में सीधे दी जाएगी सूचना
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि गांव में अब कोई भी व्यक्ति शराब बेचते या अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की सूचना ग्रामीण खुद सीधे थाने में देंगे और पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
युवाओं और महिलाओं ने संभाली कमान
नशे की लत के कारण युवाओं के भविष्य और परिवारों में बिगड़ते माहौल को देखते हुए गांव की महिलाओं ने इस मुहिम की कमान खुद अपने हाथों में ली है। गांव के युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर इस आंदोलन में हिस्सा लिया और एक स्वर में गांव को अपराध और नशे से मुक्त रखने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सख्त पहल से नवागढ़ में शांति, सुरक्षा और भाईचारे का माहौल वापस लौटेगा।




