जनपद अध्यक्षा श्रीमती हेमलता चौहान एवं बीईओ भुवनेश्वर पटेल की उपस्थिति में पंचपारा सहित कई शालाओं में बच्चों को परोसा गया विशेष भोजन
पुसौर (रायगढ़):
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आज 17 सितंबर 2026 को पुसौर विकासखंड के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में गरिमामय माहौल में ‘न्यौता भोज’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने शालाओं में पहुंचकर बच्चों के साथ सहभोज में भाग लिया।

जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्षा श्रीमती हेमलता चौहान एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री भुवनेश्वर पटेल की विशेष उपस्थिति में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पंचपारा में न्यौता भोज संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नियमित भोजन के साथ विशेष रूप से केला, लड्डू और नमकीन का वितरण किया गया, जिससे बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद सदस्य मुक्तेश्वर पंडा, सरपंच योग्यता श्यामलाल पटेल, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) अध्यक्ष पुनिराम यादव, संकुल समन्वयक (सीएसी) श्रवण साव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
विभिन्न शालाओं में पहुंचीं जनपद अध्यक्षा
इस अवसर पर जनपद अध्यक्षा श्रीमती हेमलता चौहान ने विकासखंड की विभिन्न शालाओं का दौरा किया। वे प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला डूमरमुड़ा, मिडमिडा , मल्दा एवं पंचपारा में आयोजित न्यौता भोज कार्यक्रमों में शामिल हुईं। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सेवा और समर्पण के भाव को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग को शालाओं से जुड़ना चाहिए। न्यौता भोज जैसी पहल से समुदाय और विद्यालय के बीच आत्मीयता बढ़ती है तथा बच्चों में समानता व समरसता की भावना सुदृढ़ होती है।




