पाइप लाइन के पास मिला सोनू साहू का शव, मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
हत्या या हादसा
जांजगीर/चांपा
जिले के नैला थाना अंतर्गत सरखो और तेंदुभाटा मार्ग पर स्थित पाइप लाइन के समीप एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान तेंदुभाटा निवासी सोनू साहू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त स्थानीय लोगों ने पाइप लाइन के पास एक शव देखा, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क फौरन अपनी विशेष टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे तत्काल पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय जांजगीर भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन हालातों में हुई है। पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और समय का पुख्ता खुलासा हो सकेगा। इस असमय और रहस्यमय मौत से तेंदुभाटा समेत आसपास के गांवों में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है।





