रायगढ़/ में एक ही दिन सड़क हादसों ने शहर की लचर यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है। ढिमरापुर-उर्दना रोड और कोतरा रोड ओवरब्रिज के पास हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटनाओं का विवरण
- पहला हादसा (ढिमरापुर-उर्दना रोड): स्कूटी पर सवार एक महिला सड़क पर अचानक फिसलकर गिर पड़ी, जिसके बाद पीछे से आ रहे एक भारी ट्रक ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
- दूसरा हादसा (कोतरा रोड ओवरब्रिज): कुसमुरा गांव के रहने वाले निवासी पति पत्नी मोटरसाइकिल पर सवार थे, जिन्हें एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक टक्कर में मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महिला (रामवती नायक) को 112 पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतरा रोड थाना पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रही है।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दिनदहाड़े हुए इन दो बड़े हादसों ने शहर के नागरिकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश भर दिया है। लोगों का कहना है कि रायगढ़ में यातायात प्रबंधन पूरी तरह से फेल हो चुका है और सड़क बद से बत्तर हो चुके है विकास के तमाम दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।
हालात इतने बदतर थे कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शख्स के लिए समय पर सरकारी शव वाहन तक नसीब नहीं हुआ। मजबूरी में शव को पिकअप वाहन से ले जाना पड़ा, जो स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्था की संवेदनहीनता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। शहर में भारी वाहनों के बेकाबू संचालन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर रोक लगाने के लिए जनता अब कड़े प्रशासनिक कदमों की मांग कर रही है।





