रायगढ़। छाल-एडू मार्ग की बदहाली अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सड़क निर्माण की कागजी प्रक्रिया और टेंडर मुहर लगने के बावजूद ज़मीन पर हालात जस के तस बने हुए हैं। आलम यह है कि बारिश के दिनों में सड़क पर बने जानलेवा गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग और लापरवाह ठेकेदार की मिलीभगत के कारण निर्माण कार्य अटका हुआ है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। हर दिन यहां छुट-पुट हादसे आम बात हो गई है।
अब गुस्साए ग्रामीणों ने दो-ूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इन गड्डों को भरकर मार्ग को आवागमन के लायक नहीं बनाया गया, तो वे बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जनता का साफ कहना है कि उन्हें झूठे आश्वासनों और फाइलों में दर्ज मंजूरियों से राहत नहीं मिलने वाली, उन्हें अब केवल ज़मीन पर चलने योग्य सुरक्षित सड़क चाहिए।





