August 27, 2026 11:30 pm

धारदार टांगी के वार से नाबालिग गंभीर रूप से घायल, आरोपी उमेश गिरफ्तार

सूने घर का फायदा उठाकर नाबालिग पर टांगी से हमला, अस्पताल में इलाज जारी

सक्ती / जैजैपुर:

जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेलादुला से एक बेहद विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीती रात एक नाबालिग युवती पर धारदार हथियार (टांगी) से कातिलाना हमला किया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस गंभीर वारदात में युवती बुरी तरह जख्मी हो गई है।

​श्रीनगर गए थे माता-पिता

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस वक्त यह घटना घटी, उस समय पीड़िता के माता-पिता आजीविका की तलाश में बाहर (श्रीनगर) गए हुए थे। घर पर नाबालिग युवती अपने छोटे भाई और अन्य परिजनों के साथ मौजूद थी। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर गांव के ही एक युवक उमेश पलांगे ने घर में घुसकर युवती पर धारदार टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

​पुलिस और एफएसएल टीम की त्वरित कार्रवाई

​वारदात के तुरंत बाद चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने लहूलुहान हालत में युवती को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे जांजगीर जिला अस्पताल से बिलासपुर रेफर कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

​घटना की गंभीरता को देखते हुए जैजैपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस बल के साथ फोरेंसिक (FSL) विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से खून के सैंपल सहित हमले में इस्तेमाल की गई धारदार टांगी को जब्त कर लिया है।

​संगीन धाराओं में मामला दर्ज

​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश पलांगे को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट समेत बलात्कार जैसी गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। एफएसएल द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG