August 27, 2026 11:25 pm

​पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का मामला गेरवानी मदिरा दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

रायगढ़ | 18 अगस्त 2026

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में बीती रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुकान बंद होने के दौरान सुरक्षा में तैनात एक प्राइवेट गार्ड पर अज्ञात युवक ने पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।

​क्या है पूरा मामला?

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल प्रायवेट गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (पिता स्व. बीरबल पटेल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना, जिला रायगढ़) ‘ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड’ के तहत गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत है।

​गार्ड ने पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 17 अगस्त की रात उसकी ड्यूटी रात्रि 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक थी। रात करीब 10:30 बजे शराब दुकान के सामने एक युवक पहुंचा और उसके एक दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट की बात को लेकर हंगामा करने लगा। जब गार्ड ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और अचानक अपनी कमर से पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे चन्द्रशेखर पटेल के पेट में जा लगी, जिसके बाद उसने आहाता के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई और तुरंत साथियों व डायल 112 को सूचना दी।

​पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

​घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर तत्काल पुलिस अमला हरकत में आया। रात को ही पूंजीपथरा टीआई रामकिंकर यादव और साइबर टीआई विजय चेलक अपनी टीमों, आबकारी अमले और डायल 112 के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

​घायल गार्ड के बयान और रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत गंभीर धाराओं में केस पंजीबद्ध किया गया है।

​सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, मुखबिर सक्रिय

​घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, संदिग्धों की पहचान के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है और फुटेज साझा कर तेजी से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG