September 19, 2026 6:21 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध मौत, होटल के कमरे से मिला सुसाइड नोट

होटल के कमरे से मिला सुसाइड नोट

बिलासपुर /के तेलीपारा स्थित शारदा होटल में कोरबा के एक ट्रांसपोर्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत युवक की पहचान कोरबा जिले के दीपका बेलटिकरी निवासी 25 वर्षीय प्रतीक कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल से निकलने के बाद हुआ था लापता

परिजनों के अनुसार, प्रतीक अपनी दादी के इलाज के लिए 28 अगस्त को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल आया था। इसके बाद 30 अगस्त को उसका भाई उसे अस्पताल से ऑटो में बैठाकर घर के लिए रवाना किया था, लेकिन प्रतीक अपने घर नहीं पहुंचा। काफी समय तक संपर्क न होने और मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

बैंक ट्रांजैक्शन से खुला राज

युवक का सुराग न मिलने पर परिजनों ने उसके बैंक खाते के लेन-देन की जांच की। इसमें पता चला कि 30 अगस्त को ही तेलीपारा स्थित शारदा होटल में 2500 रुपये का ऑनलाइन भुगतान हुआ है। इसी सुराग के आधार पर परिजन 31 अगस्त को होटल पहुंचे।

मास्टर चाबी से खोला गया कमरा

होटल प्रबंधन ने परिजनों को बताया कि प्रतीक कमरा नंबर 117 में ठहरा हुआ है। परिजनों ने जब कमरे के बाहर से आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल के कर्मचारियों की मदद से मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, जहां प्रतीक मृत अवस्था में पाया गया।

कमरे से मिला सुसाइड नोट

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें अत्यधिक तनाव और अवसाद का जिक्र होने की बात सामने आ रही है। पुलिस फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सुसाइड नोट की लिखावट और मौत के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG