September 19, 2026 5:35 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

ट्रक के लेन-देन में दोस्त की पीट-पीटकर हत्या, एक्सीडेंट का ड्रामा

ट्रक लेन-देन के विवाद में दोस्त ने की थी हत्या, एक्सीडेंट का रूप देकर छुपाया था राज

​जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए सड़क हादसे को सोची-समझी हत्या में बदल दिया है। शुरुआती जांच में जिसे महज एक सड़क दुर्घटना समझा जा रहा था, असल में वह ट्रक के लेन-देन के विवाद में हुई एक दोस्त की निर्मम हत्या थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

क्या था पूरा मामला?

बीते 24 जून 2026 को सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर वाहन संख्या CG 10 BP 9060 की चपेट में आने से बिलासपुर के सकरी निवासी 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे एक सामान्य सड़क हादसा मानकर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और एएसपी डॉ. युलैण्डन यार्क के निर्देशन में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

कड़ाई से पूछताछ में खुला राज

एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और कोटमीसोनार चौकी प्रभारी विनोद जाटवर ने संदेह के आधार पर आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सारे राज उगल दिए।

​पुलिस के अनुसार, मृतक अरविंद सिंह लोधी और आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर के बीच ट्रक के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर फिर से विवाद बढ़ गया। इसके बाद हेमंत और उसके एक अन्य साथी ने मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक्सीडेंट दिखाने की रची गई साजिश

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसे एक दुर्घटना का रूप देने की खौफनाक साजिश रची। उन्होंने मृतक के शव को एक कार के नीचे रखकर ऐसा दिखाने की कोशिश की जैसे उसकी मौत सड़क हादसे में हुई है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मामले में हत्या के पुख्ता सुराग और धाराएं जोड़े जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। मुख्य आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं मामले में शामिल दूसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG