हांडी उत्सव के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक,
बिलासपुर: शहर के राजीव गांधी चौक के पास जन्माष्टमी पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। उत्सव के उल्लास के बीच हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से रेहान खान नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दही हांडी बांधने और चढ़ने के दौरान युवक का ध्यान हाईटेंशन लाइन पर नहीं गया और वह लाइव तार के बेहद करीब पहुंच गया। करंट की तेज चपेट में आने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और आयोजनकर्ताओं की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि समय पर अस्पताल पहुंचने से फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हाईटेंशन तार के इतने करीब दही हांडी का आयोजन करने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग इस मामले में आयोजकों की लापरवाही समेत तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं।





