September 19, 2026 4:53 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

​पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत से उबाल चांपा थाने का घेराव, परिजनों ने लगाए थर्ड डिग्री टॉर्चर के आरोप

जांजगीर-चांपा: जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मेहंदीपारा चांपा निवासी शिव सहिस (पिता मनीराम) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों और परिजनों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते चांपा थाने में जमकर हंगामा हुआ। बढ़ते तनाव को देखते हुए थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटनाक्रम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चांपा थाने की टीम ने बुधवार दोपहर को शिव सहिस को उसके घर से 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा था और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। देर रात लगभग 10 बजे थाने में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे पहले स्थानीय बीडीएम अस्पताल ले गई, जहाँ हालत में सुधार न होने पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान सुबह करीब 8:30 बजे उसकी मौत हो गई।

परिजनों के गंभीर आरोप और पुलिस का पक्ष

  • परिजनों का आरोप: मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान थाने में शिव सहिस के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी आंतरिक हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
  • पुलिस का तर्क: दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का शुरुआती तौर पर कहना था कि युवक को मिर्गी का दौरा (Epilepsy) पड़ा था, जिसके कारण उसकी तबीयत खराब हुई।

प्रशासनिक कार्रवाई

मामले की गंभीरता और जनता के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चांपा में पदस्थ आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है और उसे रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आबकारी एक्ट के प्रकरण में अनुशासनहीनता और लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। फिलहाल, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG