September 19, 2026 4:53 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

घरघोड़ा जयस्तंभ चौक चोरीकांड का पर्दाफाश, नागपुर से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: घरघोड़ा जयस्तंभ चौक चोरीकांड का खुलासा, 6.30 लाख की संपत्ति के साथ नागपुर-राजनांदगांव से आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा /रायगढ़  रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित व्यस्ततम जयस्तंभ चौक पर दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर शातिर चोर को नागपुर से भागते समय राजनांदगांव के चिचोला बस स्टैंड से धर दबोचा। आरोपी के पास से 2.64 लाख रुपये नकद और 1.5 किलो से अधिक चांदी समेत कुल 6,30,286 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

तेज बारिश का फायदा उठाकर दिया था वारदात को अंजाम बीती 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात तेज बारिश हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी सतीष चौहान (निवासी बरपाली नवाडीह) ने घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित ‘संतोष किराना दुकान’ और बगल की ‘गोकुलचंद मामराज किराना दुकान’ को निशाना बनाया। आरोपी ने दुकानों की टीन शीट और दीवार के बीच बनी फॉल सीलिंग को तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ। पहचान छिपाने के लिए उसने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। उसने दुकानों के गल्लों से लाखों की नकदी के साथ-साथ चांदी के सिक्के, चांदी के बिस्किट और अन्य कीमती सामान चुरा लिए थे।

100 सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस से खुला राज घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। घटनास्थल के आसपास लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई, जिससे संदिग्ध का हुलिया सामने आया और उसकी पहचान सतीष चौहान के रूप में हुई। पुलिस के दबिश देने से पहले ही आरोपी फरार होकर नागपुर भाग चुका था। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी और नागपुर से लौटते वक्त उसे राजनांदगांव के चिचोला से गिरफ्तार कर लिया।

चोरी के पैसों से खरीदा नया मोबाइल, बाकी रकम खाने-पीने में उड़ाई पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने चोरी के रुपयों से लैलूंगा की एक दुकान से करीब 19,300 रुपये का सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल (मॉडल A-07) खरीदा था। इसके अलावा लगभग 25 हजार रुपये उसने घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च कर दिए।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?

  • 2,64,146 रुपये नकद
  • 1 किलो 508 ग्राम चांदी (कीमत करीब 3,46,840 रुपये)
  • सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन
  • वारदात में इस्तेमाल चेकदार गमछा

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक और उनकी संयुक्त टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG