June 15, 2026 8:07 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

संभागीय आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 2 लाख के नशीले इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार

उड़नदस्ते ने फिर कसी नकेल, 2 लाख के प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

अम्बिकापुर/सरगुजा: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त इंजेक्शन की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात आबकारी उड़नदस्ता टीम गांधी नगर थाना क्षेत्र के सरना मैदान के पास गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने एक स्कूटी सवार को संदिग्ध अवस्था में देखा। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपनी पहचान वाहिद अंसारी के रूप में दी, जो मूलतः लुंड्रा थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में पटपरिया में किराए के मकान में रह रहा है।

संदेह होने पर जब टीम ने उसके पास रखे बैग की तलाशी ली, तो उसमें से नशीले इंजेक्शन का जखीरा बरामद हुआ। आरोपी ने इन इंजेक्शनों को कागज की 100 पुड़ियों में बड़ी चालाकी से लपेट कर रखा था।

बरामद सामग्री:

REXOGESIC INJECTION: 100 नग

AVIL INJECTION: 100 नग

कुल बाजार मूल्य: लगभग 2 लाख रुपये

एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

आरोपी वाहिद अंसारी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आज उसे विशेष न्यायाधीश (नार्कोटिक्स) अम्बिकापुर के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायालय ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया।

ऑपरेशन क्लीन’ जारी

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि संभागीय आबकारी उड़नदस्ता पिछले कई महीनों से नशीले इंजेक्शन विक्रेताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन लगातार कार्रवाइयों का ही परिणाम है कि सरगुजा जिले में नशीले इंजेक्शन की बिक्री पर काफी हद तक लगाम लगी है। कई तस्कर या तो जेल में हैं या डर से अपना अवैध कारोबार बंद कर चुके हैं।

इस सफल कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, रोहित सोनवानी और आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG