खेत में करंट से किसान की मौत का मामला गर्माया
सक्ति |
जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमड़ी में खेत में करंट लगने से हुई किसान गजानंद साहू की मौत का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में मृतक की पत्नी ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित शिकायत सौंपी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमड़ी में फसल की सुरक्षा के लिए कथित तौर पर खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था, जिसकी चपेट में आने से किसान गजानंद साहू की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर 17 मई 2026 को हसौद थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पत्नी के गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी फुलेश्वरी साहू का आरोप है कि घटना के संबंध में उन्होंने कार्तिक राम और उनके पुत्र जय किशन साहू की संलिप्तता की जानकारी पुलिस को दी थी। प्रारंभिक एफआईआर में जय किशन साहू का नाम भी दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में साजिशन या किन्हीं अन्य कारणों से उनका नाम हटा दिया गया।
एसपी से न्याय की गुहार
फुलेश्वरी साहू ने 31 जुलाई को सक्ति पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि किस आधार और किन परिस्थितियों में जय किशन साहू का नाम एफआईआर से हटाया गया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





