June 10, 2026 6:46 am

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

“यात्रियों की सुरक्षा दांव पर रखकर हो रही थी गांजा तस्करी, ग्रामीणों ने बस रुकवाकर किया भंडाफोड़”

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से गांजा तस्करी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के सिलफिली बस स्टैंड पर स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए एक निजी बस को घेरकर पकड़ा, जिसमें सवारियों की सीटों और सामान रखने की जगह पर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है।

संदेह होने पर ग्रामीणों ने बीच सड़क रुकवाई बस

मिली जानकारी के अनुसार, ‘नीलम’ नाम की एक निजी बस अम्बिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रही थी। बस जब सिलफिली बस स्टैंड के पास पहुंची, तो स्थानीय ग्रामीणों को बस के भीतर की गतिविधियों पर कुछ संदेह हुआ। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सड़क के बीचों-बीच घेराबंदी कर बस को रुकवा दिया।

जब ग्रामीणों ने बस के भीतर जाकर तलाशी ली, तो वे भी दंग रह गए। बस में कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठर रखे हुए थे, जिनके भीतर भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध तस्करी के दौरान बस में करीब 20 आम यात्री भी सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। तस्कर यात्रियों की आड़ में इस बड़ी खेप को पार लगाने की फिराक में थे।

भीड़ का फायदा उठाकर तस्कर फरार, पुलिस जांच में जुटी

ग्रामीणों द्वारा बस को रोके जाने और मौके पर हंगामा शुरू होते ही बस में सवार मुख्य गांजा तस्कर (जिसमें महिला और पुरुष दोनों शामिल थे) भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही जयनगर पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी बस और 50 लाख रुपए मूल्य के गांजे को अपने कब्जे में ले लिया है।

जयनगर पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और बस के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG

ताज़ा समाचार
Advertisement
Trending Story