घरघोड़ा/रायगढ़
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के नवापारा-भेंगारी मार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। यह दुर्घटना तब घटी जब तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज गति से अपने घर की ओर लौट रहे थे।
टी आर एन कंपनी बाउंड्री के पास हुआ हादसा
बीते 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे मोटरसाइकिल सवार तीन युवक भेंगारी स्थित trn कंपनी के बाउंड्री रोड से गुजर रहे थे। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हुई बाइक सीधे सड़क किनारे कंपनी की बाउंड्री वॉल से जा टकराई, जिससे तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
डायल 112 की मदद से पहुंचे अस्पताल
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आपातकालीन सेवा डायल 112 को फोन किया। सूचना मिलते ही पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और तीनों घायलों को त्वरित राहत देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा पहुंचाया गया।
दो की मौत, एक रायगढ़ रेफर
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने तीनों का परीक्षण किया, जिसमें से पंकज (22 वर्ष, निवासी बालमेर, जशपुर) और अमृत कुमार भगत (28 वर्ष, निवासी केसरा, जशपुर) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, तीसरे युवक अतुल भगत (निवासी खोखरोआमा) की हालत बेहद गंभीर पाई गई। घरघोड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। घरघोड़ा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।





