September 19, 2026 4:53 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

घरघोड़ा में पुलिस का शिकंजा यू-ट्यूब चैनल की आड़ में अपराध करने वाला फरार आरोपी विकास चौहान सलाखों के पीछे

रायगढ़ /घरघोड़ा

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी विकास कुमार चौहान को गिरफ्तार किया है, जो चौंकाने वाले खुलासे के तहत एक यू-ट्यूबर भी है। वह सोशल मीडिया पर चैनल चलाने के आड़ में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।

घटना का विवरण

यह मामला 29 जून 2026 का है, जब प्रार्थी बसंत राठिया खाद खरीदने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल (CG-13-UA-3703) जैन पंडा के घर के सामने खड़ी की थी। बाइक के हैंडल पर टंगे झोले में उसका रेडमी मोबाइल फोन भी रखा हुआ था। कुछ देर बाद जब वह लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल दोनों गायब थे। प्रार्थी की शिकायत पर घरघोड़ा थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर धराया था मुख्य आरोपी

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस को पहली सफलता तब मिली जब निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की गाड़ी के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में महेश ने अपने साथी विकास चौहान का नाम उजागर किया, जो घटना के बाद से ही भूमिगत हो गया था। पुलिस ने महेश के कब्जे से चोरी की गई बाइक और 20,000 रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर लिया था।

यू-ट्यूब चैनल पर थी पुलिस की नजर

फरार चल रहे विकास चौहान की तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि वह एक यू-ट्यूब चैनल चलाता है। शातिर आरोपी की हरकतों पर नकेल कसने के लिए घरघोड़ा पुलिस ने उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखनी शुरू कर दी थी। आखिरकार, 1 सितंबर 2026 को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके पैतृक गांव चुहकीमार में दबिश दी और उसे धर दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के साथ प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल मिश्रा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG