June 10, 2026 4:54 am

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

​राख के नीचे ‘लाखों की चोरी’: एनआरवीएस प्लांट के कर्मचारियों ने ही रची थी बड़ी साजिश, पुलिस ने 24 घंटे में फेरा पानी

रायगढ़।

औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा में एक स्टील प्लांट के भीतर ही चल रहे संगठित चोरी के बड़े खेल का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर भंडाफोड़ कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े रुख और दिशा-निर्देशन में जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हैं। इसी कड़ी में पूंजीपथरा पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट से लाखों रुपये के एस.एस. स्क्रैप पाइप चोरी करने वाले पांच शातिर आरोपियों को दबोच लिया है। कंपनी के ही कुछ कर्मचारियों ने मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था, जिसे पुलिस के सक्रिय सूचनातंत्र ने नाकाम कर दिया।

फ्लाई ऐश के नीचे दबाया था ‘चोरी का माल’

पुलिस की तफ्तीश में जो कहानी सामने आई है, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। आरोपियों ने कंपनी के भीतर रखे कीमती एस.एस. स्क्रैप पाइप को बाहर निकालने के लिए एक बेहद शातिर ‘सिंडिकेट’ बनाया था। योजना के मुताबिक:

बृज कुमार खटकर (जेसीबी ऑपरेटर): इसने सबसे पहले किल्न से निकले खराब एस.एस. पाइप को जेसीबी की मदद से फ्लाई ऐश (डस्ट) के नीचे छिपा दिया।

दीपक कुमार कश्यप (लोडर चालक): इसने चालाकी दिखाते हुए डस्ट में दबे उन पाइपों को ट्रेलर क्रमांक CG 13 D 6980 में लोड किया और ऊपर से फिर फ्लाई ऐश भर दी ताकि किसी को शक न हो।

नंदकिशोर विश्वकर्मा (ट्रेलर चालक): यह डस्ट की आड़ में चोरी का माल बेखौफ होकर प्लांट से बाहर ले गया और उसे गेरवानी क्षेत्र में डंप कर दिया।

करन श्रीवास और राजेश पटेल: इन दोनों ने मिलकर माल को ठिकाने लगाने के लिए अपनी ईको गाड़ी (CG 13 BH 7556) का इस्तेमाल किया और पाइपों को तराईमाल के जंगलों में छिपा दिया।

मैनेजर की रिपोर्ट और थाना प्रभारी का ‘एक्शन’

इस सुनियोजित चोरी का खुलासा तब हुआ जब एनआरवीएस स्टील लिमिटेड के प्रबंधक पवन अग्रवाल ने 6 जून 2026 की रात स्क्रैप यार्ड में करीब 300 किलो एस.एस. पाइप गायब पाया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 08 हजार रुपये है। प्रबंधक की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने तत्काल एक्शन लेते हुए अपराध क्रमांक 135/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

जंगल की घेराबंदी और माल बरामदगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जैसे ही प्लांट के स्टाफ से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, संदिग्धों के चेहरे बेनकाब होने लगे। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि तराईमाल के जंगलों में कुछ लोग चोरी का पाइप छिपाकर ग्राहक तलाश रहे हैं। बिना वक्त गंवाए पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों ने कबूला कि वे माल बेचकर रकम आपस में बांटने वाले थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शत-प्रतिशत माल (300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप) और घटना में इस्तेमाल की गई ईको कार को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के औद्योगिक घरानों ने राहत की सांस ली है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG

ताज़ा समाचार
Advertisement
Trending Story