June 28, 2026 11:25 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

खुशियां मातम में बदलीं: शादी में शामिल होने निकले 3 दोस्तों की सड़क हादसे में गई जान

सड़क हादसे के बाद भड़का जन आक्रोश, ग्रामीणों ने ट्रक फूंका, पुलिसकर्मियों को पीटा

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रक से जा टकराए। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19) और ओम प्रकाश पैकरा (18) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अरमान पैकरा (16) गंभीर रूप से घायल है, जिसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

ट्रक चालक की लापरवाही और सुरक्षा में चूक बनी मौत का कारण, एक ही रात में हुए दो हादसे

सूरजपुर: प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर सुरक्षा इंतजामों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस ट्रक से बाइक सवार युवकों की जान गई, उसी ट्रक की टक्कर रात 10 बजे एक कार से भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, उस समय विवाद के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाना उचित नहीं समझा। परिणाम यह हुआ कि डेढ़ घंटे बाद ही अंधेरे में खड़ा यह ट्रक मौत का जाल बन गया। सुरक्षा संकेतक न होने के कारण बाइक सवार युवक इसे देख नहीं पाए और काल के गाल में समा गए। फिलहाल, पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा: पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर: जिले में एक सड़क हादसे के बाद स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने कानून हाथ में ले लिया। सूचना मिलते ही पहुंची ‘डायल 112’ की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की चेकिंग के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने इन आरोपों को निराधार बताया है। झड़प में आरक्षक नीतेश टोप्पो और ड्राइवर घायल हुए हैं। पुलिस ने अब उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG