September 19, 2026 7:09 pm

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

रायगढ़-लैलूंगा मार्ग पर एबीवीपी का हल्लाबोल: शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर डटे सैकड़ों छात्र और कार्यकर्ता

लैलूंगा:-क्षेत्र में बढ़ती जनसमस्याओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ताक पर रखकर संचालित हो रही शराब दुकान के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। सरकार की नीतियों के खिलाफ लैलूंगा में एबीवीपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार हुंकार भरते हुए व्यस्ततम रायगढ़-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर जोरदार चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता और छात्र सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग मुख्य मार्ग के पास स्थित शराब भट्टी (देशी/विदेशी शराब दुकान) को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की है।

​मुख्य मार्ग पर शराब दुकान होने से बढ़ रहे हादसे और असामाजिक गतिविधियां

​प्रदर्शकारियों का कहना है कि लैलूंगा और रायगढ़ को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर शराब दुकान संचालित होने के कारण दिनभर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस मार्ग से स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, महिलाएं और आम नागरिक रोजाना गुजरते हैं, जिससे छेड़खानी, फब्तियां कसने और आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। शराब प्रेमियों द्वारा सड़क किनारे वाहन खड़े करने से आवागमन भी बाधित होता है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है।

प्रशासन को दी चेतावनी—हटाएं वरना होगा उग्र आंदोलन

​प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कई बार ज्ञापन सौंपने और मौखिक एवं लिखित शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

​आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने 1 महीने के भीतर इस शराब भट्टी को मुख्य मार्ग से नहीं हटाया, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और क्षेत्रवासी इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG