August 5, 2026 5:52 am

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

घरघोड़ा-लैलूंगा मार्ग पर शनि मंदिर के पास पुलिस की घेराबंदी, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

घरघोड़ा / रायगढ़:

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने इलाके के कुख्यात निगरानी बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल और एक महंगा मोबाइल बरामद किया है।

क्या है पूरा मामला?

प्रार्थी बसंत राठिया (निवासी फुलीकुण्डा, थाना लैलूंगा) ने 23 जुलाई को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह किसी काम से घरघोड़ा आया था। उसने अपनी बाइक (क्रमांक CG-13-UA-3703) एक स्थानीय निवासी के घर के सामने खड़ी की थी, जिसके हैंडल में टंगे बैग में उसका रेडमी कंपनी का मोबाइल भी रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर धरपकड़

एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस को सटीक सूचना मिली कि क्षेत्र का निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की इस बाइक के साथ घूम रहा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी महेश पैंकरा (34 वर्ष, निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा) को दबोच लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी विकास चौहान (निवासी चुहकीमार) के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल और करीब ₹20,000 कीमत का रेडमी मोबाइल जप्त कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरे सह-आरोपी विकास चौहान की तलाश सरगर्मी से जारी है।

आदतन अपराधी है पकड़ा गया बदमाश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी महेश पैंकरा थाना क्षेत्र का एक सक्रिय निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। घरघोड़ा पुलिस ने एक दिन पहले ही उसे एक अन्य बाइक चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक उद्धोराम पटेल और हरीश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG