रील का ‘जानलेवा’ नशा: चलती अर्टिगा कार की छत पर युवती को बैठाकर किया स्टंट, आरोपी राहुल गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सड़क पर जानलेवा स्टंटबाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना कोनी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार की छत पर युवती को बैठाकर खतरनाक तरीके से वाहन दौड़ाने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की कार भी जब्त कर ली है।
देर रात सड़क पर मचाया हुड़दंग
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 मई की देर रात करीब 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच की है। मौहारपारा निरतू रतनपुर-रायपुर रोड (थाना कोनी क्षेत्र) में अर्टिगा कार (क्रमांक CG 10 CD 1416) का चालक बीच सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर स्टंट कर रहा था।
इस दौरान कार की छत पर एक युवती बैठी हुई थी, जिससे उसकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। इस स्टंटबाजी से सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के बीच भी हड़कंप मच गया और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी सलाखों के पीछे

सड़क पर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाने की इस हरकत को देखकर सेंदरी निवासी प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने मामले की शिकायत थाना कोनी में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई और तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को धर दबोचा।
आरोपी की पहचान: राहुल कौशिक (उम्र 30 वर्ष), पिता- भागवत कौशिक, निवासी- सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
कोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज कर नए कानून की धारा 281 BNS (भारतीय न्याय संहिता) और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की है।
बिलासपुर पुलिस की आम जनता से अपील
इस घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता और युवाओं से अपील की है:
सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी या तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।
सोशल मीडिया रील्स या दिखावे के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें, आपकी थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।





