June 10, 2026 6:45 am

ट्रेंडिंग स्टोरी
Advertisement

कहां खपाने की थी तैयारी? NH-30 पर 65 लाख के साथ पकड़ी गई वीआईपी कार, सवालों के घेरे में व्यापारी।

छत्तीसगढ़ में यहां पकड़ाई नोटों से भरी कार, डिक्की खोलते ही पुलिस का चकराया माथा, मंगानी पड़ी नोट गिनने की मशीन

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे कैश के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से करीब 65 लाख रुपए की भारी-भरकम नगद राशि बरामद की है। इस मामले में कार सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
​मुखबिर की सूचना पर मरकाटोला घाटी के पास नाकेबंदी
​कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से एक संदिग्ध वाहन में बड़ी मात्रा में कैश ले जाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुरूर-चारामा एनएच-30 मुख्य मार्ग पर स्थित मरकाटोला घाटी के पास सख्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। कार के पिछले हिस्से में रखे दो अलग-अलग थैलों से कुल 65 लाख रुपए नगद बरामद हुए।
दस्तावेज नहीं दिखा सके कारोबारी और चालक

​पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
अमित जैन (व्यापारी, निवासी – बालोद)
​लच्छू ठाकुर (चालक, निवासी – ग्राम तरौद)
​जब पुलिस ने दोनों से इतनी बड़ी रकम के बारे में पूछताछ की और वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब या कागज पेश नहीं कर सके। दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने तत्काल नगदी और क्रेटा कार को अपने कब्जे में ले लिया।
तहसीलदार की मौजूदगी में हुई नोटों की गिनती
​कार्रवाई के बाद वाहन और जप्त रकम को पुरूर थाने लाया गया। मामले की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तहसीलदार की मौजूदगी में बैंक कर्मचारियों को बुलाया गया। बैंक कर्मियों ने मशीन के जरिए पूरी रकम की गिनती की, जो करीब 65 लाख रुपए निकली।
मामला आयकर विभाग के सुपुर्द
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यह पूरा मामला टैक्स चोरी और अवैध रूप से नगदी के परिवहन (हवाला या ब्लैक मनी) से जुड़ा नजर आ रहा है। वैध दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए संपूर्ण राशि और वाहन को जप्त कर लिया है। मामले की गहराई से जांच के लिए आगे की जिम्मेदारी आयकर विभाग (Income Tax Department) को सौंप दी गई है।

News Spashat CG
Author: News Spashat CG

ताज़ा समाचार
Advertisement
Trending Story